SCORE ओपिनियन पोल में उत्तर प्रदेश में कांटे की टक्कर

बेंगलुरु, 25 नवंबर 2026

PDF डाउनलोड करें

NDA और सपा आमने-सामने; 42 सीटों पर नतीजा तय करना मुश्किल

उत्तर प्रदेश बीते कई वर्षों के सबसे कड़े मुकाबलों में से एक की ओर बढ़ रहा है। अगर आज चुनाव हों, तो न भाजपा के नेतृत्व वाले NDA और न ही समाजवादी पार्टी को बहुमत का भरोसा है। यह बात SCORE उत्तर प्रदेश ओपिनियन पोल Round 1 में सामने आई है।

यह पोल आज www.scoreintelligence.in पर जारी किया गया है।

SCORE के अनुसार भाजपा अकेले 177-215 सीटें और समाजवादी पार्टी 160-202 सीटें जीत सकती है। ये रेंज वोट शेयर पर आधारित अनुमान नहीं हैं। ये सीट-दर-सीट अनुमानों पर आधारित हैं। जिन सीटों पर नतीजा तय करना मुश्किल था, उन्हें भी रेंज में शामिल किया गया है।

ओपिनियन पोल में लोगों से पूछा गया कि वे किस पार्टी को वोट देंगे, किस गठबंधन को नहीं, क्योंकि अभी यह तय नहीं है कि सपा+कांग्रेस गठबंधन में कौन-सी सीट पर कौन-सी पार्टी लड़ेगी। फिर भी सीटों पर सपा और कांग्रेस के वोट जोड़ने पर INDIA गठबंधन का आंकड़ा 174-219 सीटें बनता है, जबकि NDA का आंकड़ा 181-226 सीटें है।

“सीटों के आंकड़ों से ज़्यादा दिलचस्प वोट शेयर हैं,” SCORE के संस्थापक नरेश अरोड़ा ने कहा। “भाजपा और सपा, दोनों अकेले लगभग 37% वोट शेयर पर हैं। और गठबंधन के हिसाब से देखें तो NDA सिर्फ़ 2.35 प्रतिशत अंक आगे है। फ़िलहाल उत्तर प्रदेश में सांस रोक देने वाला मुकाबला है,” अरोड़ा ने कहा।

बड़ी तस्वीर में भले ही कड़ा मुकाबला दिखता हो, SCORE की वेबसाइट पर मौजूद हीट मैप एक दिलचस्प विभाजन दिखाता है। पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश दो अलग राज्यों जैसे लगते हैं: पश्चिम में भाजपा और पूर्व में सपा अपनी स्थिति मज़बूत कर रही हैं।

NDA 196 सीटों पर साफ़ बढ़त में है, जो बहुमत से छह कम है, और सपा 160 सीटों पर। 42 और सीटों पर मुकाबला इतना कांटे का है कि उन्हें किसी पार्टी के खाते में नहीं डाला जा सकता। फ़िलहाल उन्हें टाई घोषित किया गया है।

हर विधानसभा क्षेत्र के पूरे नतीजे SCORE की वेबसाइट www.scoreintelligence.in पर उपलब्ध हैं।

SCORE उत्तर प्रदेश Round 1 में 16 सितंबर से 20 नवंबर 2026 के बीच सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के 91,429 मतदाताओं से पूछा गया। SCORE ने नतीजे बारीक स्तर तक प्रकाशित किए हैं: हर विधानसभा क्षेत्र, ज़िले और क्षेत्र के वोट शेयर और सीटों का अनुमान; धर्म, लिंग, उम्र और शहरी/ग्रामीण के हिसाब से आंकड़े, साथ ही हर सीट पर गैर-यादव OBC का वोट; मुख्यमंत्री पद के प्रमुख चेहरों की रेटिंग; लोगों की सबसे बड़ी चिंताएं ; और 42 टाई सीटों की पूरी सूची। ये निष्कर्ष मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य को बताते हैं, अंतिम नतीजे की भविष्यवाणी नहीं करते।

महिलाएं बदल सकती हैं चुनाव का रुख

महिलाओं में 46.2% ने NDA और 31.5% ने सपा का साथ दिया। पुरुषों में क्रम उलट जाता है: 41.9% सपा के साथ हैं और 35.1% NDA के साथ।

“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता और कानून-व्यवस्था पर सपा की कमज़ोर छवि के बाद भाजपा का तीसरा सबसे बड़ा फ़ायदा महिला मतदाताओं में है। महिलाओं में भाजपा पहले ही सपा से काफ़ी आगे है, और अगर महिलाओं के लिए चर्चित कैश ट्रांसफर योजना आती है, तो उसे एक और बढ़ावा मिल सकता है,” नरेश अरोड़ा ने कहा।

42 सीटें तय कर सकती हैं नतीजा

पोल में 42 ऐसे विधानसभा क्षेत्र मिले, जहां दो प्रमुख पार्टियों के बीच का अंतर इतना कम है कि किसी एक को आगे नहीं कहा जा सकता। इनमें से 38 सीटों पर सीधा मुकाबला भाजपा और सपा के बीच है, और 15 सीटें अवध में हैं। टाई सीटों की पूरी सूची SCORE की वेबसाइट पर है।

2022 के बाद के बड़े बदलाव

2022 के विधानसभा चुनाव के बाद सपा का वोट शेयर 4.9 प्रतिशत अंक बढ़कर 32.1% से 37.0% हो गया है, जबकि भाजपा का 4.6 अंक घटकर 41.3% से 36.7% रह गया है। भाजपा को अकेले 177-215 सीटों का अनुमान है, जबकि 2022 में उसने 255 सीटें जीती थीं। सपा की 160-202 सीटें 111 से ऊपर हैं।

बसपा 11.4% पर है और उसे एक सीट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस 7.7% पर है और उसे दो सीटें मिलने का अनुमान है। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) को भी दो सीटों का अनुमान है।

हर क्षेत्र में अलग मुकाबला

पश्चिमी उत्तर प्रदेश (136 सीटें) में भाजपा का वोट शेयर सबसे ज़्यादा गिरा है, 45.4% से 38.1%, फिर भी NDA 84-90 सीटों के साथ आगे है।

पूर्वांचल (141 सीटें) में सपा भाजपा से सात अंक आगे है, 38.6% बनाम भाजपा के 31.6%।

अवध (107 सीटें) में कांटे की टक्कर है: भाजपा 40.3% और सपा 39.4%।

बुंदेलखंड (19 सीटें) अके ला ऐसा क्षेत्र है जहां 2022 के बाद भाजपा का वोट शेयर बढ़ा है, 41.1% तक।

जाति की राजनीति में चल रहे बदलाव

यादव मज़बूती से सपा के साथ हैं (70.4%) और जाटव बसपा के साथ (43.3%), जबकि ज़्यादातर अन्य हिंदू जातियों में NDA आगे है। लेकिन एक ही जाति अक्सर एक मंडल से दूसरे मंडल में अलग तरह से वोट करती है, क्योंकि वह देखती है कि उसके अपने नेता स्थानीय स्तर पर किस ओर हैं। ओपिनियन पोल ने गैर-यादव OBC की पसंद, जो एक अहम स्विंग वर्ग है, हर सीट के हिसाब से अपनी वेबसाइट पर जारी की है।

योगी आदित्यनाथ पहली पसंद के मुख्यमंत्री

अगला मुख्यमंत्री कौन चाहिए, यह पूछे जाने पर 35.3% ने योगी आदित्यनाथ, 26.5% ने अखिलेश यादव और 8.6% ने मायावती का नाम लिया, जबकि 22.7% अभी तय नहीं कर पाए हैं। संतुष्टि स्कोर में दोनों नेता करीब हैं: योगी आदित्यनाथ का 100 में से 69.6 और अखिलेश यादव का 68.3।

“अखिलेश यादव का संतुष्टि स्कोर लगभग योगी आदित्यनाथ जितना अच्छा है, लेकिन यह मुख्यमंत्री की पसंद में नहीं बदलता। इससे संकेत मिलता है कि लोग अखिलेश यादव और उनकी पार्टी को अलग-अलग नज़र से देखते हैं। उनकी पार्टी की कानून-व्यवस्था पर छवि अब भी कमज़ोर है, और यही बात हमारी ज़मीनी टीमों ने पूरे राज्य में सुनी,” नरेश अरोड़ा ने कहा।

किसी भी जानकारी के लिए संपर्क करें - +91 87918 40304, +91 77108 39861